43 साल बाद पकड़ा गया 81 वर्षीय 10 हजार का इनामी, कोर्ट ने जारी किया था वारंट

मुजफ्फरनगर। मकान में चोरी करने के मुकदमे में 10 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह लगभग 43 वर्ष से फरार था। न्यायालय से उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। अब उसकी उम्र 81 वर्ष हो चुकी है। वारदात से लेकर अब तक अभियुक्त का हुलिया भी बदल गया। जिस कारण पुलिस को बदमाश को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है।
नई मंडी प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 1981 में नई मंडी क्षेत्र में चोरी की वारदात की गई थी। बदमाशों ने मकान पर धावा बोलकर लाखों रुपये का माल चोरी किया था। इस वारदात में कई बदमाश जेल भेजे गए थे। जमानत से छूटने के बाद बदमाश न्यायालय में पेश होते रहे, लेकिन एक अभियुक्त 1981 में जेल जाने के छह माह बाद जमानत पर छूट गया था। उसके बाद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ। उसके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी हुआ और उसे भगौड़ा घोषित किया गया। पुलिस ने उस पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।