उत्तराखण्डचम्पावत

उत्‍तराखंड के पहाड़ों पर दिन में भी निकली स्‍वेटर, पर्यटकों के घूमने के लिए यह समय मुफीद

चंपवात। अक्टूबर आधा बीत गया है। मौसम धीरे-धीरे सर्द होने लगा है। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम मौसम ठंड का अनुभव करा रहा है। कई क्षेत्रों में तापमान दहाई की दहलीज तक जा पहुंचा है।

विशेष रूप से चंपावत, लोहाघाट व नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। चंपावत में लोगों को दिन में भी स्वेटर पहने देखा जा रहा है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गिर रही ओस

कुमाऊं के पर्वतीय स्थल चंपावत, लोहाघाट, मुक्तेश्वर, नैनीताल आदि 1700 से 2100 मीटर की ऊंचाई पर बसे हैं। इन दिनों यहां का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच रहा है। दिन का तापमान 22 से 24 डिग्री रह रहा है। शाम की अपेक्षा सुबह अधिक सर्द है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओस गिर रही है।

पहाड़ घूमने आने वालों के लिए यह समय अनुकूल

मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर में अक्टूबर का न्यूनतम औसत तापमान 9.3 डिग्री रहता है। ऐसे में आने वाले दिनों मेंं तापमान में और कमी देखी जाएगी। कई क्षेत्रों में दीपावली के आसपास तापमान एकल अंक में उतर आएगा। हालांकि पहाड़ घूमने आने वालों के लिए यह समय अनुकूल है।

अक्टूबर में सामान्य से 93 प्रतिशत कम वर्षा

उत्तराखंड से दो अक्टूबर को मानसून की विदाई हो गई थी। उसके बाद वर्षा की गतिविधि बंद जैसी हो गई। पिछले वर्षों के औसत के आधार पर एक से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश में 16.8 मिमी वर्षा होती है। इस बार 1.6 मिमी ही वर्षा हुई है।

देहरादून, पाैड़ी, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व उत्तराकाशी में बूंद तक नहीं गिरी। हालांकि वर्षा नहीं होने से पहाड़ में घास काटने व खरीफ की फसल समेटने के काम में मदद मिली है। दिवाली के आसपास गेहूं की बुआई शुरू होने पर वर्षा, नमी की जरूरत होगी।

प्रमुख स्थानों का अधिकतम व न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

  • मुक्तेश्वर -22.4 -10.2
  • चंपावत -23.2 -10.1
  • लोहाघाट- 24.1 -10.1
  • जागेश्वर- 21.5 -12.3
  • पंतनगर -32.1 -18.1
  • कौसानी -22.2 -12.5
  • पिथौरागढ़ -26.5- 14.4

Related Articles

Back to top button