दीपावली मनाने भारी संख्या में ऋषिकेश पहुंचे सैलानी, सड़क पर जाम; होटल-कैंपों में बढ़ी रौनक

कई क्षेत्रों में होटल में कमरे नहीं मिल पा रहे
सैलानी बढ़ने से कई क्षेत्रों में होटल में कमरे नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं, तपोवन, नीर गढ़, शिवपुरी व गरुड़ चट्टी में कैंपिंग की खासी मांग आ रही है। कई लोग कैंपों में प्रकृति के बीच रहना पसंद कर रहे हैं। इसे देखते हुए दीपावली के अवसर पर होटल व कैंप व्यवसायियों ने सैलानियों के लिए विशेष पैकेज व प्रबंध किए हैं।
होटल व कैंपों में दीपावली के जश्न की खास तैयारी हो रही है। होटल व कैंपों को दीपावली पर दीपों व फैंसी लाइटों से जगमग करने के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, संगीत, डांस सहित पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी सैलानियों को उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। सैलानियों को कई होटल व कैंपों में विशेष पहाड़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे।
ऋषिकेश, मुनिकीरेती में भीषण जाम
दीपावली सीजन बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के कारण यातायात प्रबंधन लगातार चुनौती बना हुआ है और अब सैलानियों के पहुंचने से मुख्य मार्गों में भयंकर जाम लगने लगा है। ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग, चंद्रभागा-मधुबन आश्रम, रामझूला, तपोवन, लक्ष्मण झूला आदि क्षेत्रों में भीषण जाम लग रहा है।
मुख्य बाजार क्षेत्रों में रात नौ से दस बजे तक जाम की स्थिति नजर आई। रामझूला से ऋषिकेश नगर निगम ऋषिकेश तक जाम की बेहद बुरी स्थिति नजर आ रही है। स्थानीय लोग जाम से बचने के लिए आंतरिक मार्गों का सहारा ले रहे हैं, कई बार संकरे मार्गों पर अधिक वाहन प्रवेश करने से यहां भी जाम की स्थिति बनी।
इससे स्थानीय लोगों को खासी फजीहत का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने कहा कि मुनिकीरेती क्षेत्र में यातायात प्रबंधन में पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। अधिकारी भी नियमित रूप से गश्त कर स्थिति का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं।